बुग्गावाला क्षेत्र में विवाहिता की जहर खाने से मौत हो गई। मायके वालों ने ससुरालियों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला के शव का पंचनामा करके पोस्टमार्स्टम के लिए भेज दिया है। मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।
बुधवार की देर शाम प्रियंका पत्नी अमित कुमार (उम्र 22 वर्ष) निवासी रसूलपुर ने नशीला पदार्थ खा लिया था। आनन फानन में ग्रामीणों की मदद से महिला को रुड़की अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक महिला भगवानपुर क्षेत्र की रहने वाली थी जिसकी शादी एक वर्ष पूर्व अमित से हुई थी। पुलिस की ओर से की गई पूछताछ में पता चला है कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी। देर शाम अचानक महिला ने घर में रखा नशीला पदार्थ खा लिया जिससे कुछ देर बाद ही उसकी हालत खराब हो गई। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। इस बाबत थानाध्यक्ष भगवान महर ने बताया की शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।