लंबगांव (टिहरी)। यात्रा सीजन के लिए खोली गई अस्थायी पुलिस चौकी यथावत रहेगी। एसपी जन्मेजय खंडूरी ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर चौकी में 10 पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दी जाएगी। जिससे लंबगांव बाजार में लगने वाले जाम से निजात मिल सकेगी।
और पढ़ें
यात्रा सीजन को देखते हुए लंबगांव में अस्थायी पुलिस चौकी खोली गई थी। लेकिन अब चौकी को शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही थी। इस स्थिति में जाम की समस्या बढ़ते देख अमर उजाला ने मंगलवार के अंक में थाना खुलने तक यथावत रखें चौकी शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। जिसका संज्ञान लेते हुए एसपी ने कहा कि केदारनाथ क्षेत्र में आपदा आने के बाद आठ पुलिस कर्मियों को वापस बुलाया गया था। लेकिन अब स्थिति सामान्य होने पर शीघ्र ही वहां पूर्ववत 10 जवानों की तैनाती की जाएगी। लंबगांव में थाना खोलने की स्वीकृति मिली है। अस्थायी चौकी से भी लोगों को काफी राहत मिल रही थी। जिससे स्थानीय लोगों ने थाना खुलने तक चौकी को यथावत रखने की मांग की।