एनएसयूआई आज से करेगा अनशन
-- शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज में समस्याओं को लेकर चल रहा है धरना
अमर उजाला ब्यूरो
डोईवाला। शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज डोईवाला में समस्याओं के निदान और सुविधाओं को बढ़ाने को लेकर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने मंगलवार छठवें दिन भी कॉलेज गेट पर क्रमिक धरना जारी रखा। कॉलेज की समस्याओं की अनदेखी करने पर बुधवार से अनशन करने का भी ऐलान किया है। छात्र संगठन एनएसयूआई पिछले छह दिनों से डोईवाला कॉलेज के मुख्य गेट पर क्रमिक धरना दे रहा है। मंगलवार को क्रमिक धरने पर सोनाली धीमान, दीक्षा डोगरा, नवीन मिश्रा और पकंज खुराना बैठे।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव अजय रावत और अनीस अहमद ने कहा कि राज्य सरकार डोईवाला महाविद्यालय में सुविधाओं को बढ़ाने का प्रयास नहीं कर रही है। मुख्यमंत्री के विधानसभा के डिग्री कॉलेज में समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। सुविधाओं को बढ़ाने के लिए निर्णायक लड़ाई के लिए संगठन तैयार हो गया है। बुधवार से संगठन कार्यकर्ता इस मुद्दे पर अनशन करेंगे। इस दौरान महेश लोधी, मनमोहन नौटियाल, तनवीर हुसैन, सावन राठौर, अनूप शर्मा, दीक्षा शर्मा, दीपाली, शीतल, प्रियंका, गौरव रावत, मौहम्मद शाहरूख, शहबाज अंसारी, गुरतेज सिंह, सन्नी कुमार, गौरव चौधरी और ममता बर्तवाल आदि मौजूद थे।