गगरेट (ऊना)। उपमंडल अंब की सड़कों पर दिन प्रतिदिन बाइकर्स गैंग का खौफ राहगीरों तथा अन्य वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बनने लगा है। कुछ धनाढ्य परिवारों के युवक सड़कों एवं अन्य रास्तों पर चलने वाले आम जनमानस के लिए परेशानी का सबब बन चुके हैं। तेज रफ्तार बाइकों पर सवार यह युवा बेखौफ होकर भीड़ भरी सड़कों एवं बाजारों में दौड़ते हैं, तो सड़क पर चलने वाले राहगीरों की तो जान पर बन जाती है। अन्य वाहन चलाने वाले चालक भी बाइकर्स के कारण अपने वाहन सड़क के किनारे खड़े करने में ही भलाई समझते हैं। उपमंडल अंब के गगरेट, अंब, दौलतपुर चौक और चिंतपूर्णी आदि स्थानों में बिगड़ैल युवा अपने साथ कइयों की जान से खेलते हुए लोगों के लिए दहशत बन चुके हैं।
गगरेट में तो बिगड़ैल बाइकर्स ने नगर की सड़कों पर खूब दहशत मचाई हुई है। यह लोग जब नगर की सड़कों पर तेज तूफान की गति से बाइक दौड़ाते हैं तथा स्टंटबाजी भी करते हैं, तो ऐसे में सड़कों पर चलने वाले अन्य लोगों की जान पर बन आती है। लगभग डेढ़ लाख की कीमत तक की इन बाइकों पर सवार यह युवा कई राहगीरों को घायल कर चुके हैं। वहीं कई बार यह अपनी भी हड्डियां तुड़वा चुके हैं। हालांकि पुलिस ने भी इनके चालान करके तथा इन्हें कई बार पुलिस थाने में बुलाकर सख्त हिदायतें दी थीं लेकिन उन पर कोई भी फर्क नहीं पड़ता दिखाई दे रहा है।
उधर डीएसपी अंब विजय सकलानी का कहना है कि पुलिस विभाग यातायात नियमों की अनुपालना के लिए हर समय तत्पर है। नियम तोड़ने की इजाजत किसी को नहीं है। ऐसे लोगों के खिलाफ शिकंजा कसा जाएगा।