आगरा। ‘‘उनमें हौसला है। जोश और उत्साह भी कम नहीं है। मैदान पर उतरे तो बाजी मारी, मंच पर पहुंचे तो मानो महफिल ही लूट ली।’’ जी, हां देश भर आए स्पेशल एथलीटों (मानसिक मंदित) ने शनिवार को कुछ ऐसे अंदाज में अपना जलवा बिखेरा। जहां चार दिन तक बैडमिंटन और एथलेटिक्स के गुर सीखे। वहीं, आखिरी दिन रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब तालियां टोरी।
और पढ़ें
स्पेशल ओलंपिक भारत के तत्वावधान में आयोजित खेलकूद प्रशिक्षण शिविर का समापन एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुआ। पहले चार गुणा 100 रिले दौड़ और 50 मीटर दौड़ में बालक-बालिकाओं ने भाग लिया। उनका जोश देखते ही बन रहा था। दर्शकों ने भी दिल खोलकर उनकी हौसलाअफ्जाई की। मुख्य अतिथि कमिश्नर प्रदीप भटनागर ने स्पेशल खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने मेजबान उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। इस दौरान स्पेशल खिलाड़ियों ने शिविर के दौरान अपने अनुभव बताए। इस अवसर पर प्रशिक्षकों के योगदान को भी सराहा गया। एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) अशोक गोयल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। एके सिंह सहित अन्य कोच मौजूद रहे।