बाह। ब्लाक प्रमुख गुड्डी उपाध्याय के विरुद्ध छह मार्च को आ रहे अविश्वास प्रस्ताव में बीडीसी सदस्य गंगा में डुबकी लगाकर भाग लेने पहुंचेंगे। इलाहाबाद की सेर पर गए आधे से ज्यादा बीडीसी सदस्यों की लामबंदी से गुड्डी उपाध्याय की कुर्सी खतरे में पड़ती दिख रही है।
बताते चलें कि सपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा के नेतृत्व में 36 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने बाह की ब्लाक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के लिए पिछले माह डीएम से मुलाकात की थी। इस पर डीएम ने छह मार्च को अविश्वास प्रस्ताव की तिथि मुकर्रर की थी। छह को 11 से एक बजे तक अविश्वास प्रस्ताव के लिए बीडीसी की परेड कराई जाएगी। वहीं फिलहाल कई बीडीसी सदस्य इलाहाबाद गए हैं। बताते हैं कि वे संगम में डुबकी लगाकर ही बाह पहुंचेंगे और अविश्वास प्रस्ताव में वोटिंग करेंगे। 61 सदस्यों वाले क्षेत्र पंचायत में फिलहाल सदस्यों को रिझाने का दौर शुरू हो गया है।
= छह मार्च को डीएम के समक्ष क्षेत्र पंचायत सदस्यों की परेड कराएंगे। पिछली बार बीडीसी सदस्यों की संख्या 36 थी। इस बार इनकी संख्या बढ़ गई है।
- जितेंद्र वर्मा, जिलाध्यक्ष, सपा
= ब्लाक प्रमुख हूं, ब्लाक प्रमुख ही रहूंगी, बहुमत हमारे साथ है। क्षेत्र पंचायत सदस्य किसी भी बहकावे में नहीं आएंगे।
- गुड्डी उपाध्याय, ब्लाक प्रमुख, बाह