बरेली। कांग्रेस में जिला और महानगर अध्यक्ष पद को लेकर लंबे समय से चल रही उठापटक का जल्द पटाक्षेप हो जाएगा। पार्टी नेतृत्व ने इन पदों के लिए नाम तय कर लिये हैं, जिसकी औपचारिक घोषणा जल्द ही हो जाएगी। पार्टी ने संगठन को मजबूत करने के लिए इस बार साथ में कार्यकारी अध्यक्षों की भी व्यवस्था की है।
जिला और महानगर अध्यक्ष बदले जाने के कयास लंबे समय से लगाए जा रहे थे। पिछले दिनों यहां आए यूपी प्रभारी मधुसूदन मिस्त्री ने कोई स्पष्ट जवाब न देकर गोपनीयता बनाए रखने की कोशिश की थी। उन्होंने हालांकि यह कहकर संशय बढ़ा दिया था कि जल्द ही कुछ जिलों में परिवर्तन होगा। ऐसे में चर्चाओं का दौर और तेज हो गया था। यहां मधुसूदन मिस्त्री व पार्टी के दूसरे बड़े नेता सारी स्थिति भांपकर ले भी गए थे। लंबे मंथन के बाद नए नाम तय कर दिए। उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक रामदेव पांडेय जिलाध्यक्ष होंगे और उनके साथ त्रिभुवन शर्मा कार्यकारी जिलाध्यक्ष रहेंगे। ऐसी ही व्यवस्था महानगर में भी की गई है। महानगर की जिम्मेदारी चौधरी असलम मियां को दी गई है, जबकि इस पद के लिए चर्चा में रहे डॉ. मोहम्मद खालिद कार्यकारी महानगर अध्यक्ष होंगे। असलम मियां युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं और वह महानगर कांग्रेस के लिए सबसे उपर्युक्त माने जा रहे थे।
-----------------------
सुरेंद्र पांडेय ने दिया इस्तीफा
बरेली। कांग्रेस के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष सुरेंद्र पांडेय ने बृहस्पतिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री को भेजे अपने त्यागपत्र में उन्होंने कहा है कि वह त्याग पत्र इसलिए दे रहे हैं ताकि हमारा नेतृत्व किसी दबाव के बगैर स्वतंत्रता पूर्वक अपना निर्णय ले सके। वह कंाग्रेस के सिपाही हैं और कांग्रेस नेतृत्व के निर्देश पर काम करते रहेंगे। साथ ही जोड़ा है कि वह मिशन 2014 के दौरान सौहार्द और विकास के लिए काम करते हुए धार्मिक उन्माद फैलाने वालों खिलाफ लड़ते रहेंगे। यहां बता दें कि विधानसभा चुनाव से कुछ समय पहले सुरेंद्र पांडेय को जिले की कमान दी गई थी।