एटा। ऑनलाइन वेतन भुगतान में परिषदीय शिक्षकों ने बाजी मार ली। महीनों की मशक्कत के बाद पूरी हुई डाटा फीडिंग के सत्यापन के बाद विभाग ने बहुप्रतीक्षित ऑनलाइन वेतन भुगतान का शुभारंभ कर दिया। वहीं, माध्यमिक शिक्षकों का भुगतान अगले माह से संभावित है।
प्राथमिक शिक्षा और माध्यमिक शिक्षकों के वेतन भुगतान को ऑनलाइन किए जाने की मुहिम रंग लाने लगी है। डाटा फीडिंग और अन्य व्यवस्थाओं में महीनों का समय लगने के बाद इसकी शुरुआत भी हो गई। इसके अंतर्गत जनपद के हजारों प्राथमिक-उच्च प्राथमिक शिक्षक शिक्षिकाओं को अक्तूबर माह का वेतन ऑनलाइन सिस्टम से मिल गया है। जानकारी देते हुए लेखाधिकारी प्राथमिक शिक्षा रामौतार ने बताया कि लंबी मशक्कत के बाद जनपदीय प्राथमिक शिक्षा विभाग में यह व्यवस्था लागू हो गई। अक्तूबर माह का वेतन इसी व्यवस्था से मिला है। नवंबर-दिसंबर के वेतन की तैयारियां हैं। वे बताते हैं कि नई व्यवस्था के बाद अब शिक्षकों को वेतन भुगतान में विलंब नहीं होगा। न ही विभागीय प्रक्रिया में लगने वाला समय ही आड़े आएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक जितेंद्र कुमार मलिक के अनुसार माध्यमिक शिक्षकों का भी वेतन दिसंबर माह से ऑनलाइन हो जाएगा। उनके अनुसार प्रक्रिया अंतिम दौर में है।