हाथरस। सासनी के लौहर्रा कांड में अभी किशोरी की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और वह अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज में दाखिल है। इस मामले को लेकर आरक्षण मुक्त मोर्चा ने कलेक्ट्रेट पर धरना दिया। कुछ अन्य संगठनों ने भी इस घटना की तीव्र निंदा की है। वहीं, गांव लौहर्रा के काफी लोग एसपी आफिस आए। इन लोगों ने इस मामले की निष्पक्ष विवेचना करने की मांग की। इन लोगों ने आरोपी को निर्दोष बताया।
उल्लेखनीय है कि 31 दिसंबर की शाम को एक तरफा प्रेम में सासनी के गांव लौहर्रा में एक किशोरी को जिंदा जला दिया गया था। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया था। दिल्ली में हुई गैंगरेप पीड़िता की मौत के बाद सासनी का यह मामला भी तूल पकड़ता जा रहा है। जली हुई किशोरी आशा पिछले चार दिन से गंभीर हालत में अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज में दाखिल है। इस किशोरी के पक्ष में काफी संगठन लामबंद हो गए हैं। आरक्षण मुक्ति मोर्चा ने कलेक्ट्रेट पर धरना देकर इस मामले में दोषी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की। अपर जिलाधिकारी को एक ज्ञापन भी सौंपा गया। धरने पर मुख्य रूप से भरत उपाध्याय, रमेश उपाध्याय, कृष्ण मुरारी, मीना, प्रमिला चौहान, रवि उपाध्याय, शिवानी, विशाल उपाध्याय, कृष्णकांत शर्मा, शिवकुमार, राजू, बंटी सहित काफी लोग उपस्थित थे।
युवा अधिवक्ताओं की बैठक दीवानी कचहरी पर कपिल मोहन गौड़ की अध्यक्षता में हुई। इसमें किशोरी को जलाए जाने की घटना की तीव्र निंदा कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। इस मौके पर नवदीप पाठक, विनोद शर्मा, रामबृज, अनुराग शर्मा, योगेंद्र पाल सिंह आदि अधिवक्ता मौजूद थे।
इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स ऑर्गेनाइजेशन ने भी गांव लौहर्रा की घटना की तीव्र निंदा की है। संगठन की ओर से जेवी सिंह ने मानवाधिकार आयोग में इस पूरे मामले की शिकायत की है। इस घटना में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सनातन ब्राह्मण समाज की बैठक नगराध्यक्ष रामजी लाल की अध्यक्षता में हुई, जिसका संचालन रिषी कुमार ने किया। इसमें किशोरी को जलाए जाने की तीव्र निंदा की गई। वक्ताओें ने कहा कि अभी लोग दिल्ली की घटना को नहीं भूले हैं। यह घटना दिल दहलाने वाली है। इस मौके पर आरपी दीक्षित, रामप्रकाश शर्मा, बृजेश वशिष्ठ, कन्हैया लाल शर्मा, उमेश शर्मा, राकेश शर्मा, शिवशंकर गौतम, इंद्रकुमार, विनोद पाठक, बृजेश गौतम आदि थे।
इधर, आरोपी के पक्ष में शुक्रवार को काफी लोग यहां एसपी ऑफिस आए। इन लोगों ने कहा कि आरोपी युवक अर्जुन निर्दोष है। उसे झूठा फंसा दिया गया है। घटना मात्र पारिवारिक झगडे़ का परिणाम है। इसलिए इस मामले में निष्पक्ष विवेचना कर निर्दोष को न्याय दिलाया जाए। एसपी ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।