हाथरस। लगातार दूसरे दिन भी रुक-रुक कर हो रही बारिश से शहर के कई गली-मोहल्लों में जलभराव हो गया। नगर पालिका की सीवरेज और ड्रेनेज व्यवस्था ठीक नहीं होने से चारों तरफ पानी ही पानी दिखाई दे रहा था। जलभराव से लोगों को गंदे पानी के बीच से ही होकर गुजरना पड़ा। दो दिन से हो रही बारिश से नगर पालिका की सीवरेज और ड्रेनेज व्यवस्था की पोल खुल गई। हल्की बारिश से ही गंदा पानी घर और दुकानों की देहरी तक पहुंच गया। यदि तेज बारिश होती है तो क्या हाल होगा। बारिश से कई क्षेत्रों के लोगों में भय बना हुआ है। शहर के लाला का नगला, नाई का नगला, श्रीनगर, रमनपुर, तबेला गली, महात्मा गांधी इंटर कॉलेज की गली, चूड़ी गली, होली वाली गली, मेंडू गेट, सरक्यूलर रोड, डाक खाने वाली गली, मोहन गंज, चिंताहरण मंदिर, मुरसान गेट, गंगाधर गली, पुराना मिल कंपाउंड, गंदा कुआं, ऊंटगाड़ी मोहल्ला, गड्ढा वाला मोहल्ला, नवीपुर, अहियापुर और कंचन नगर सहित कई क्षेत्रों में जलभराव हो गया। जलभराव से स्कूल जाने वाले बच्चों को गंदे पानी के बीच होकर गुजरना पड़ा। लोगों में नगर पालिका प्रशासन के प्रति काफी रोष है।