मैनपुरी/कुसमरा। जिले में अलग-अलग स्थानों पर गेहूं की फसल में आग लगने से लाखों का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने निजी संसाधनों से आग पर काबू पाया।
थाना एलाऊ क्षेत्र के ग्राम मंछना में सोमवार की दोपहर रामसिंह के दो बीघा खेत में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। हविलिया निवासी अशोक कुमार की तीन बीघा फसल में अज्ञात कारणों से आग लग गई। नगला भूपति निवासी श्याम कुमार की तीन बीघा फसल में आग लग गई। नगला भंत के पास खिरिया निवासी देवेंद्र की दो बीघा फसल आग लगने से जल गई। थाना औंछा क्षेत्र में ज्योंति के पास से हाईटेंशन लाइन गुजरती है। रविवार की देरशाम राज बहादुर के खेत में तार टूटकर गिरने से निकली चिंगारी के कारण आठ बीघे में खड़ी गेहूं की फसल जल गई। पास में ही सरला देवी के आठ बीघा खेत में खड़ी गेहूं की फसल भी जल गई। कुसमरा क्षेत्र के गांव जवापुर निवासी रामचंद्र शाक्य के मकान के बाहर रखे छप्पर में सोमवार की दोपहर आग लग गई। छप्पर के नीचे रखे खोखे में परचून, कोल्ड ड्रिंक, फ्रिज के अलावा अनाज, कपड़े आदि जल गए।
वहीं, थाना किशनी के सैदपुर के पास से हाईटेंशन लाइन गुजरती है। सोमवार शाम गांव के बाबूराम के खेत में तार टूटकर गिर गया। इससे निकली चिंगारी से खेत में आग लग गई। दो बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। वहीं, दुर्गा प्रसाद के तीन बीघा खेत की फसल भी जल गई।
------------
आग लगने से नकदी, जेवर जले
बेवर (ब्यूरो)। थाना क्षेत्र के नवीगंज निवासी शेर सिंह राठौर उर्फ बमभोले रविवार को एक शादी में गए थे। सोमवार सुबह पांच बजे जब वह घर लौटे तो मकान के अंदर से धुआं निकल रहा था। अंदर जाकर देखा तो आग लगी हुई थी। सूचना पर पहुंचे फायर सर्विस के जवानों ने आग बुझाई। आग लगने से घर में रखे 35 हजार रुपये, लाइसेंसी बंदूक, पांच लाख कीमत के सोने के जेवर, कपड़े आदि जल गए।