मैनपुरी। शहर में गणेश चतुर्थी श्रद्धाभाव से मनाई गई। कृष्णा सिनेमा रोड स्थित एक मात्र प्राचीन गणेश मंदिर को बड़े ही आकर्षक ढंग से सजाया गया। यहां सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु भगवान गणेश की पूजा अर्चना के लिए उमड़े। मंदिर के आसपास मेले जैसा नजारा था। चंादेश्वर मंदिर में भव्य गणेश प्रतिमा स्थापित की गई। साईं बाबा मंदिर खरपरी, लेनगंज, करहल रोड और स्टेशन रोड पर भी भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर गणेश उत्सव मनाया गया।
गणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश के मंदिर की आकर्षक ढंग से सजावट की गई। सुबह से लेकर देर रात तक भक्तों ने मंदिर आकर पूजा-अर्चना की। मंदिर के आसपास फूलमालाओं, प्रसाद और खिलौनों, गुब्बारों की दुकानें सजी थीं। श्रद्धालुओं का मंदिर में पूजा अर्चना के लिए देर रात्रि तक तांता लगा रहा। भगवान गणेश की प्रतिमा का अभिषेक कर उसे बड़े ही आकर्षक ढंग से सजाया गया। शाम को मंदिर परिसर में भजन संध्या का आयोजन किया गया। जिसमें भजन गायकों ने देर रात तक श्रद्धालुओं को बांधे रखा।
प्राचीन चांदेश्वर मंदिर में भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई। सुबह नौ बजे मंदिर में हवन पूजन के बाद महंत स्वामी सर्वात्मानंद सरस्वती की देखरेख में भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई। पांच दिवसीय गणेश महोत्सव के तहत मंदिर में धार्मिक आयोजन होते रहेंगे। साईं बाबा मंदिर खरपरी में हरीशरण मिश्रा ने हवन कराया। फौजी अशोक चौहान, सृजन चौहान, हनी चौहान, गुड्डन पंडित, अंशुल आदि ने पूजा अर्चना के बाद गणेश प्रतिमा स्थापित कराई।
लेनगंज में पंडित अंकित दुबे ने हवन पूजन कराया। टिंकल गुप्ता, दीपू अग्रवाल, शिवकांत गुप्ता, विनोद राठौर आदि ने भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कराई। करहल रोड पर पंडाल बनाकर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई। दीपक पांडेय ने हवन पूजन कराया। नंदकिशोर, खुन्नू बाबा, सुदर्शन, विनोद माहेश्वरी, प्रभात चंद्र, सुधीश आदि ने भगवान गणेश की पूजा अर्चना कर प्रतिमा स्थापित कराई। स्टेशन रोड पर भी युवकाें ने पांडाल बनाकर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की। प्रतिमा पंडालों में प्रतिदिन आरती, भजन और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम चलेगा।