हापुड़/मेरठ। हापुड़ के गांव शाहबद्दीपुर में महिला ने मासूम बेटे और बेटी को जहर दिया और खुद भी खा लिया। तीनों को लोकप्रिय अस्पताल लाया गया। यहां बच्चों ने दम तोड़ दिया, जबकि मां की हालत गंभीर बनी हुई है। बगैर पोस्टमार्टम कराए दोनों बच्चों के शव परिजन गांव ले आए।
शाहबद्दीपुर की मढ़ैया निवासी नरेश कुमार हापुड़ तहसील में बैनामा लेखक है। पत्नी प्रवेश मेरठ के गांव फतेउल्लापुर की रहने वाली है। नरेश के छोटे भाई की शादी प्रवेश की सगी बहन से हुई थी। शनिवार को देवरानी (छोटी बहन) ने प्रवेश के बेटे शिवम को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद दोनों बहनों में झगड़ा हुआ। बताया गया कि इससे नाराज होकर प्रवेश ने शनिवार अपराह्न तीन बजे बेटे शिवम (6) और बेटी पलक (4) को जहर खिलाया और खुद भी खा लिया। जानकारी होते ही परिजनों ने तीनों को हापुड़ में अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां से उन्हें मेरठ के लोकप्रिय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उपचार के दौरान देर रात शिवम की मौत हो गई, जबकि पलक ने रविवार सुबह दम तोड़ दिया। सूचना पर नौचंदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसओ ने बताया कि परिजनों ने कार्रवाई से इंकार कर दिया। इसके चलते बगैर पोस्टमार्टम कराए दोनों बच्चों के शव लेकर परिजन शाहबद्दीपुर चले गए। प्रवेश अभी इमरजेंसी में भर्ती है।