मेरठ। नगर निगम सफाई कर्मचारी संघ चुनाव की मतदाता सूची को लेकर सफाई कर्मचारी नेता भिड़ गए। दोनों पक्षों में मारपीट की नौबत आ गई। नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने अभद्र व्यवहार और सूची छीनने की शिकायत नगरायुक्त से की है।
नगर निगम में सफाई कर्मचारी संघ का काफी समय से चुनाव नहीं हुआ है। पिछले महीने सफाई कर्मचारी नेता सुरेन्द्र ढींगिया, विनेश मनोठिया, नगीनचंद भारती आदि ने नगरायुक्त से चुनाव की मांग की थी। नगरायुक्त ने चुनाव अधिकारी अपर नगरायुक्त को नियुक्त कर दिया था। अभी तक मतदाता सूची प्रकाशित नहीं की गई थी। सूची की मांग को लेकर सफाई कर्मचारी नेता चंद्रप्रकाश, सुरेंद्र नगर स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में डा. आरएस चौहान से मिले। उधर दूसरे पक्ष से कैलाश चंदौला भी पहुंच गए। नगर स्वास्थ्य अधिकारी मतदाता सूची पर हस्ताक्षर कर ही रहे थे कि सफाई कर्मचारी नेताओं के दोनों पक्ष भिड़ गए। कैलाश चंदौला ने सूची अपने कब्जे में कर ली। दूसरे पक्ष के नेताओं को बाहरी लोग होने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। दोनों पक्षों में एक घंटे तक हंगामा हुआ। सुरेंद्र ढींगिया पक्ष ने कैलाश चंदौला पर चुनाव न करने का आरोप लगाया। कैलाश ने चंद्रप्रकाश आजाद को रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारी बताते हुए सूची न ले जाने की चेतावनी दी। कैलाश चंदोला का कहना है कि हमने नगर स्वास्थ्य अधिकारी के साथ कोई अभद्र व्यवहार नहीं किया है। कुछ लोग कर्मचारियों को गुमराह करके शहर की सफाई व्यवस्था चौपट करना चाहते हैं।
कैलाश चंदौला ने हमारे साथ अभद्र व्यवहार किया है। जबरदस्ती मतदाता सूची मेज से उठाकर ले गए। इसकी शिकायत नगरायुक्त से कर दी गई है। - डॉ. आरएस चौहान, नगर स्वास्थ्य अधिकारी