नोएडा। शहर की सड़कों को सुरक्षित रखने के लिए प्राधिकरण ट्रैफिक विभाग को दस नए इंटरसेप्टर देगा। नशा करके गाड़ी चलाने वालों और तेज रफ्तार चलने वालों पर इससे शिकंजा कसा जा सकेगा। प्राधिकरण ने इस संबंध में हामी भर दी है और जल्द इसका बजट जारी कर देगा।
हाईटेक सिटी का बढ़ता दायरा और दिन पर दिन बढ़ती जनसंख्या में ट्रैफिक विभाग को और मजबूत किया जा रहा है। अभी तक नोएडा ट्रैफिक पुलिस के पास एक इनोवा है, जिसमें इंटरसेप्टर लगा है। जल्द ही इनकी संख्या बढ़ने वाली है। दस इंटरसेप्टर लगी हुई इनोवा ट्रैफिक विभाग के बेड़े में शामिल होंगी। काफी समय से देखने को मिल रहा है कि शहर की सड़कों पर रात होते ही नशा करके गाड़ी चलाने वालों की संख्या बढ़ जाती है। इससे दुर्घटनाएं भी हो रही हैं। इसके साथ ही युवा वर्ग निर्धारित गति सीमा से कहीं ज्यादा तेज गाड़ियां चलाते हैं। इसकी वजह से भी दुर्घटनाओं में वृद्धि हो रही है। इन पर अंकुश कसने के लिए नए इंटरसेप्टर को शहर में दौड़ाने की योजना बनाई गई है।
प्राधिकरण के अनुसार शहर के सभी इंट्री प्वाइंट के साथ मुख्य बाजार, मुख्य मार्ग और प्रमुख स्थलों पर इनकी तैनाती होगी और रोजाना नियमित रूप से जांच की जाएगी। साथ ही प्राधिकरण ने साफ कर दिया कि एसएसपी प्रवीण कुमार की मांग पर यह दस नए इंटरसेप्टर ट्रैफिक विभाग को दिए जा रहे हैं।
-----------------
कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर जोर
‘शहर में कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस की मांग पर प्राधिकरण दिल खोलकर बजट देने को तैयार है। किसी भी शहर की पहचान वहां की ट्रैफिक व्यवस्था से होती है, ऐसे में जरूरी है कि नोएडा की ट्रैफिक पुलिस को सभी आधुनिक संसाधन से लैस किया जाएं।’
-मनोज राय, विशेष कार्याधिकारी नोएडा।