शामली। हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर डीएम की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में एक बैठक आयोजित की गई। जिसमें परीक्षा के सफल संचालन के लिए केंद्र व्यवस्थापकों को जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए गए। वहीं, संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों पर पुलिस का सख्त पहरा, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की जाएगी। सभी केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा केंद्रों पर बिजली, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए।
शुक्रवार को यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर डीएम की अध्यक्षता में अंतिम बैठक की गई। जिसमें सभी केंद्र व्यवस्थापक, जोनल, सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को परीक्षा की सुरक्षा, सफल संचालन के निर्देश दिए गए। डीएम ने केंद्र व्यवस्थापकों से कहा कि कापियों और प्रश्नपत्रों को केंद्र पर डबल लॉक में रखें। कमरे की खिड़की और दरवाजों की कुंडी अच्छी तरह जांच लें। कमरों में दीमक के लिए दवा का छिड़काव कराएं। कमरे को बंद करने पर हर दिन नई सील लगाएं। प्रश्न पत्रों को बॉक्स से बाहर निकालकर गोपनीय परीक्षा कार्यक्रम से मिलान कर दिनांक और पाली के अनुसार अलग-अलग रख लें।
प्रश्नपत्र ज्यादा या कम हों तो इसकी सूचना डीआईओएस कार्यालय में तुरंत दें। प्रश्नपत्रों को खोलते समय सावधानी बरती जाए ताकि गलत प्रश्न पत्र न खुले। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और बिजली, जेनरेटर की पूर्ण सुविधा होनी चाहिए, ताकि मौसम खराब होने पर कमरों में अंधेरा न रहे। परीक्षा के समय छापामारी के लिए चार सचल दस्ते बनाए गए हैं। जिस कॉलेज का सेंटर दूसरे कॉलेज में है, परीक्षा के समय उस शिक्षक की ड्यूटी वहां न लगाई जाए। सभी कक्ष निरीक्षकों के पास ड्यूटी कार्ड साथ रखना जरूरी है। उन परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापक बदले जाएं, जहां गत वर्ष अनियमितताएं पाई गई हैं।
तीन सेंटरों पर तैनात रहेगा अतिरिक्त पुलिस बल
जनपद में तीन केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। जिसमें अति संवेदनशील केंद्र मुरली मनोहर जोशी इंटर कॉलेज इस्सोपुर टील, संवेदनशील जनता इंटर कॉलेज लिसाढ़ और एलम इंटर कॉलेज पर पांच स्टेटिक मजिस्ट्रेट बनाएं गए हैं। तीन जोनल औ आठ सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं। परीक्षा की कापियों के संकलन हेतु राष्ट्रीय किसान इंटर कॉलेज शामली का चयन किया है।
सभी केंद्रों पर 7 और 8 मार्च को प्रश्नपत्र भेजे जाएंगे। परीक्षा में 1222 कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगी है। जिसमें माध्यमिक से 825 शिक्षक हैं। जिसमें 49 राजकीय कॉलेजों से, 378 एडेड, 398 वित्तविहीन और 397 बेसिक शिक्षा विभाग से लिए गए हैं। हाईस्कल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में कुल 24, 834 छात्र-छात्रा शामिल होंगे। बैठक में डीआईओएस एसएम सिद्दीकी, बीएसए चंद्रशेखर, सेक्टर, जोनल, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।