सीतापुर। पहाड़ों से आने वाली सर्द पछुआ हवा से एकाएक ठंड बढ़ गई है। शुक्रवार को इन हवाओं के चलते पारा सात डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो शनिवार को शीतलहरी से मामूली राहत मिल सकती है, लेकिन रविवार से फिर ठंड बढ़ने की उम्मीद है। शुक्रवार की भोर से ही कोहरा रहा। दोपहर 12 बजे के बाद कुछ देर के लिए सूर्यदेव के दर्शन हुए लेकिन शाम ढलते ही मौसम ने एक बार फिर करवट बदली और चारों ओर कोहरा छा गया। घने कोहरे के साथ ही ठंडी हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर विवश कर दिया, जिससे सामान्य जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। ठिठुरन व गलन भरी ठंड से परेशान लोग ऊनी कपड़े में खुद को लपेटकर किसी तरह बाहर निकले। शहर के प्रमुख बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। प्रशासनिक स्तर पर शीत लहर से बचाव को न तो गरीबों को कंबल बंटे हैं और न ही अलाव जलते मिले। कोहरे का सबसे ज्यादा असर यातायात व्यवस्था पर पड़ा है। रेल व बस सेवाएं बुरी तरह से प्रभावित हुईं।