दानगंज (सं.)। चोलापुर ब्लाक के परानापट्टी गांव में निजी आपरेटर से नलकूप चलवाए जाने के कारण आए दिन विवाद की स्थिति पैदा हो रही है। एक किसान ने प्रधान के पति पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए सोमवार को तहरीर दी है। आरोप है कि यहां सरकारी आपरेटर नहीं आ रहा है। सिंचाई के लिए पानी समय से नहीं मिलने के कारण किसानों के बीच नलकूप की चाबी को लेकर मारपीट की घटनाएं हो रही हैं।
और पढ़ें
विकलांग किसान संजय विश्वकर्मा खेत में पानी भरने के लिए नलकूप चलवाने गया तो वहां उसका विवाद हो गया। उसने कहा कि यह नलकूप गांव के एक व्यक्ति के भरोसा चल रहा है। संजय ने सोमवार को थानाध्यक्ष से शिकायत करते हुए प्रधान के पति पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। उधर, प्रधान के पति शिवपूजन का कहना है कि वह नलकूप का ताला तोड़ रहा था। मारपीट का आरोप बेबुनियाद है। नलकूप पर सरकारी स्तर पर आपरेटर की तैनाती हुई है, लेकिन वह ड्यूटी पर नहीं आता है। चाबी दूसरे के पास रहती है। उच्चाधिकारियों से शिकायत की गई है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।