पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ महाविद्यालय स्थित स्ट्रांग रूम में रखी इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की सुरक्षा के तगड़े इंतजाम हैं। ईवीएम की सुरक्षा के लिए तीन स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है।
स्ट्रांग रूम की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक पलाटून पैरा मिलिट्री फोर्स (सीआईएसएफ) के जवान तैनात हैं। दूसरे चरण की सुरक्षा व्यवस्था में स्ट्रांग रूम परिसर की बाहरी सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक प्लाटून पीएसी तैनात की गई है। तीसरे चरण में स्ट्रांग रूम परिसर में बने बेरीकेड के बाहरी क्षेत्र की सुरक्षा के लिए कोतवाली निरीक्षक के नेतृत्व में 3 उप निरीक्षक, 12 कांस्टेबलों को तैनात किया गया है।
पुलिस अधीक्षक वीकेएस कार्की ने बताया कि सुरक्षा के लिए अतिरिक्त बल को रिजर्व में रखा गया है। जरूरत पड़ने पर इसका भी उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।