ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। विश्व हिंदु परिषद और बजरंग दल की ओर से हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में क्षेत्र में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। मनमोहक झांकियों ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शनिवार को हिंदू संगठनों की ओर से आयोजित शोभायात्रा में भारी संख्या में लोगों ने प्रतिभाग किया। शोभायात्रा पूजा अर्चना के साथ प्रारंभ हुई। शोभायात्रा रानीपोखरी, जौलीग्रांट, भानियावाला, कान्हरवाला, नगर चौक डोईवाला, मिल रोड़, प्रेमनगर बाजार, हंसूवाला होते हुए कुड़कावाला पहुंचकर समाप्त हुई।
लोगों ने बजरंग बली और जय श्रीराम के जयकारे बुलंद किए। जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया। भगवान हनुमान, शिव पार्वती, राधा कृष्ण और भगवान गणेश की झांकियां आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा में महिला श्रद्धालुओं ने कीर्तन किए। इस दौरान मुख्यमंत्री के पीआरओ संदीप सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता करन बोरा, सतवीर तोमर, राकेश सिंह, अंकित राजपूत, सूरज वर्मा, वरदान सेठ, भावना ठाकुर, विनीत लोधी, अल्पना, वर्षा, नरेंद्र नेगी, मनीष नेगी, सर्वेश रावत, हिमांशु राणा, संदीप नेगी, सुचिता रावत, दिनेश सिल्सवाल आदि मौजूद रहे।