सब्सक्राइब करें

West Asia Tension LIVE: अमेरिका ने ईरान पर किया हमला; ड्रोन नियंत्रण स्थलों को निशाना, हिजबुल्ला पर लगे आरोप

वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: Jyoti Bhaskar Updated Mon, 01 Jun 2026 07:08 PM IST
विज्ञापन
खास बातें

West Asia Tension LIVE Updates: पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। अमेरिका ने ईरान पर मिसाइलें दागी हैं। वहीं ईरान में राष्ट्रपति पेजेश्कियन के इस्तीफे को लेकर विवाद हो रहा है। ईरान के सरकारी चैनल पर जारी बयान में इस्तीफे का खंडन किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक तेहरान में हुए बवाल में कई लोग घायल हुए हैं। आक्रोशित जनता सड़कों पर उतर आई है। पश्चिम एशिया तनाव से जुड़े तमाम अपडेट्स जानिए अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में

सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए की खबर के अनुसार, ईरान के अर्द्धसैन्य बल ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ ने एक बयान में बताया कि अमेरिकी बलों ने एक द्वीप पर दूरसंचार टावर को निशाना बनाया।
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:06 PM, 01-Jun-2026

अमेरिका ने ईरानी रडार और ड्रोन नियंत्रण स्थलों को निशाना बनाया

ईरान द्वारा सप्ताहांत में एक अमेरिकी ‘एमक्यू-1 प्रीडेटर’ ड्रोन को मार गिराए जाने के बाद अमेरिका की सेना ने ईरान में रडार और ड्रोन नियंत्रण स्थलों को निशाना बनाया। अमेरिका की सेना ने यह जानकारी दी। सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए की खबर के अनुसार, ईरान के अर्द्धसैन्य बल ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ ने एक बयान में बताया कि अमेरिकी बलों ने एक द्वीप पर दूरसंचार टावर को निशाना बनाया।
03:54 PM, 01-Jun-2026

'अपनी सुरक्षा के लिए कार्रवाई जारी रहेगी', हिजबुल्ला के खतरे पर बोला इस्राइल

नई दिल्ली में इस्राइल के राजदूत रियूवेन अजार ने इस्राइल-लेबनान तनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि 2 मार्च को हिजबुल्लाह ने बिना किसी उकसावे के फिर इस्राइल पर हमला किया। अजार के मुताबिक युद्धविराम लागू होने के बाद भी हिजबुल्लाह की ओर से 1000 से ज्यादा रॉकेट दागे गए, जिनमें 12 से अधिक इस्राइली नागरिकों और सैनिकों की मौत हुई है। रियूवेन अजार ने कहा कि हिजबुल्लाह से ड्रोन और यूएवी का बड़ा खतरा बना हुआ है। इसी कारण इस्राइल रणनीतिक इलाकों पर नियंत्रण मजबूत कर रहा है ताकि इन खतरों को रोका जा सके। उन्होंने साफ कहा कि इस्राइल अपनी सुरक्षा के लिए कार्रवाई जारी रखेगा। इस्राइली राजदूत ने कहा कि उनका लेबनान सरकार से कोई संघर्ष नहीं है, बल्कि लड़ाई उन कट्टरपंथी ताकतों से है जो इस्राइल को खत्म करने की बात करती हैं। उन्होंने कहा कि इस्राइल लेबनान सरकार के साथ शांति वार्ता भी कर रहा है ताकि स्थायी युद्धविराम स्थापित हो सके और लेबनान अपने भीतर हिजबुल्लाह के प्रभाव को नियंत्रित कर सके।
Trending Videos
11:31 AM, 01-Jun-2026

मार्को रूबियो का आरोप- इस्राइल के साथ सीजफायर प्रयासों को कमजोर कर रहा हिजबुल्ला

अमेरिका ने आरोप लगाया है कि हिजबुल्ला, इस्राइल के साथ युद्धविराम की कोशिशों को कमजोर कर रहा है। अमेरिका का कहना है कि यह समूह हमले रोकने से इनकार कर रहा है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने हाल ही में लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन और इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बातचीत की। यह बातचीत इस्राइल और लेबनान के बीच चल रहे कूटनीतिक प्रयासों का हिस्सा थी। 

एक अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, 'इस बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए अमेरिका ने एक साफ योजना दी। जिसके तहत पहले हिजबुल्ला को इस्राइल पर सभी हमले रोकने होंगे। इसके बदले में इस्राइल भी बेरूत में किसी तरह की और सैन्य कार्रवाई नहीं करेगा। इससे धीरे-धीरे तनाव कम करने और लड़ाई खत्म करने का रास्ता बनेगा।'

अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति जोसेफ आउन इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाना चाहते थे और सभी पक्षों के बीच सहमति बनवाने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन यह कोशिश लेबनान के संसद अध्यक्ष नबीह बेरी के जवाब के बाद रुक गई। नबीह हिजबुल्ला के करीबी सहयोगी माने जाते हैं। अधिकारी के अनुसार, बेरी ने कहा कि वे हिजबुल्ला की तरफ से सीजफायर का भरोसा दिला सकते हैं, लेकिन उन्होंने शर्त रखी कि पहले इस्राइल को सैन्य कार्रवाई रोकनी होगी।

अमेरिका ने इस संघर्ष के लिए ईरान को भी जिम्मेदार ठहराया है। अधिकारी ने कहा, 'ईरान हिजबुल्ला को निर्देश दे रहा है। उसे लेबनान के लोगों की भलाई में कोई रुचि नहीं है। ईरान चाहता है कि यह संघर्ष लंबा चले ताकि वह बाद में स्थिति संभालने का श्रेय ले सके।'
10:58 AM, 01-Jun-2026

ईरान का भी अमेरिका पर पलटवार का दावा

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने बताया है कि अमेरिकी हमले के जवाब में उन्होंने भी अमेरिका के उन एयरबेस को निशाना बनाया है, जहां से ईरान पर हवाई हमले किए गए। हालांकि आईआरजीसी ने इस मामले में ज्यादा जानकारी नहीं दी। 
10:06 AM, 01-Jun-2026

कुवैत का दावा- उन पर हुए हवाई हमले

कुवैत ने दावा किया है कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने देश की ओर बढ़ रहे ड्रोन और मिसाइलों को इंटरसेप्ट किया है। इन हमलों के दौरान कुवैत के कई इलाकों में विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं, जिन्हें कुवैती सेना ने इंटरसेप्शन ऑपरेशन का हिस्सा बताया। क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।

 
10:06 AM, 01-Jun-2026

ईरान पर अमेरिका ने किए हवाई हमले

अमेरिकी सेना ने कहा है कि उसने ईरान के रडार और ड्रोन कमांड ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं। यह कार्रवाई तेहरान द्वारा अमेरिकी MQ-1 प्रीडेटर ड्रोन को मार गिराए जाने के बाद की गई। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, हमले ईरान की आक्रामक गतिविधियों के जवाब में किए गए। हमलों में ईरान के ड्रोन नियंत्रण और रडार प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया।

अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड ने एक बयान में कहा है कि उन्होंने ईरान के शहरों गोरुक और केशम में हमले किए हैं। ये हमले ईरान के रडार और ड्रोन ठिकानों पर किए गए। अमेरिका ने कहा है कि ईरान ने हाल ही में उनके एमक्यू-1 ड्रोन को अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र में निशाना बनाया था। उसी के जवाब में ये हमले किए गए हैं। अमेरिकी सेना ने बताया कि उन्होंने ईरान के एयर डिफेंस, ग्राउंड कंट्रोल स्टेशन और ड्रोन ठिकानों को निशाना बनाया गया। 
 
विज्ञापन
विज्ञापन
09:32 AM, 01-Jun-2026

दक्षिणी लेबनान में इस्राइली सैन्य बढ़त पर जर्मनी चिंतित

जर्मनी के विदेश मंत्री योहान वाडेफुल ने दक्षिणी लेबनान में इस्राइली सेना की बढ़ती सैन्य कार्रवाई पर गहरी चिंता जताते हुए सभी पक्षों से तत्काल संघर्ष विराम लागू करने की अपील की। वाडेफुल ने कहा कि उत्तरी इस्राइल पर हिजबुल्ला के लगातार हमलों के जवाब में इस्राइल की कार्रवाई को समझा जा सकता है, लेकिन किसी भी तरह की आगे की सैन्य बढ़ोतरी पहले से तनावपूर्ण स्थिति को और गंभीर बनाएगी तथा लेबनान में विस्थापन की नई लहर पैदा करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सैन्य तनाव का खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़े और लेबनान के कुछ हिस्से स्थायी रूप से रहने लायक न रहें, तो इससे दीर्घकाल में इस्राइल की सुरक्षा भी सुनिश्चित नहीं होगी। इस बीच, इस्राइली रक्षा बल (IDF) ने दावा किया है कि उसकी सेना ने दक्षिणी लेबनान के ब्यूफोर्ट रिज और वादी अल-सलुकी क्षेत्र में प्रवेश कर रणनीतिक महत्व वाले ब्यूफोर्ट किले पर कब्जा कर लिया है।
 
09:22 AM, 01-Jun-2026

दक्षिणी लेबनान में इस्राइली हमला

दक्षिणी लेबनान में इस्राइली हमले में 8 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। वहीं इस्राइल ने भी दावा किया है कि लेबनान से उनकी तरफ रॉकेट-मिसाइलें दागी गईं, जिन्हें उनके क्षेत्र में पहुंचने से पहले ही इंटरसेप्ट कर लिया गया। अरब लीग प्रमुख ने लेबनान पर इस्राइल की आक्रामकता की निंदा करते हुए तत्काल युद्धविराम की मांग की। ब्रिटेन के विदेश मंत्री ने भी इस्राइल की आलोचना करते हुए कहा, लेबनान में इस्राइल की कार्रवाई ने कूटनीति की गुंजाइश को कमजोर किया है।
07:09 AM, 01-Jun-2026

West Asia Tension LIVE: अमेरिका ने ईरान पर किया हमला; ड्रोन नियंत्रण स्थलों को निशाना, हिजबुल्ला पर लगे आरोप

पश्चिम एशिया में जारी टकराव थमने का नाम नहीं ले रहा है। अमेरिका और ईरान के बीच जारी टकराव के साथ इस्राइल और लेबनान में भी हलचल देखी जा रही है। ताजा घटनाक्रम में ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियन ने इस्तीफे का एलान कर दिया है। हालांकि, तेहरान में ईरान की सरकारी मीडिया की तरफ से जारी बयान में इस्तीफे का खंडन किया गया है। पश्चिम एशिया में जारी टकराव पर नजर रखने वाले अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स में ईरान में प्रदर्शन किए जाने की खबरें भी सामने आई हैं। राजधानी तेहरान में बड़ी संख्या में आक्रोशित लोगों को सड़कों पर उतरे देखा गया। अमेरिका के खिलाफ हो रहे इस प्रदर्शन के दौरान कई लोगों के घायल होने की भी खबर है।
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed