सब्सक्राइब करें

विश्व क्रिकेट के 8 सबसे युवा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर: भारत के वैभव सूर्यवंशी होंगे किस नंबर पर? देखें पूरी सूची

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: स्वप्निल शशांक Updated Sat, 06 Jun 2026 03:42 PM IST
सार

भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी 26 जून 2026 को आयरलैंड के खिलाफ टी20 मैच में डेब्यू करते हैं तो वह 15 साल 91 दिन की उम्र में भारत के सबसे युवा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बन जाएंगे। वह सचिन तेंदुलकर के 16 साल 205 दिन की उम्र में किए गए डेब्यू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देंगे। आईपीएल 2026 में 776 रन बनाकर तहलका मचाने वाले वैभव विश्व क्रिकेट के सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों की सूची में भी दूसरे स्थान पर पहुंच सकते हैं। 

विज्ञापन
Vaibhav Sooryavanshi Set to Create History: World’s 2nd Youngest Cricketer to debut in international cricket
सबसे युवा अंतरराष्ट्रीय डेब्यूटेंट (आईसीसी के पूर्ण सदस्य देशों में) - फोटो : Twitter

भारतीय क्रिकेट में जब भी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों की चर्चा होती है, तो सबसे पहले सचिन तेंदुलकर का नाम सामने आता है। 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ सिर्फ 16 साल 205 दिन की उम्र में टेस्ट क्रिकेट में कदम रखने वाले सचिन ने आगे चलकर क्रिकेट इतिहास की सबसे महान कहानियों में से एक लिखी, लेकिन अब 37 साल बाद एक नया नाम उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने की दहलीज पर खड़ा है। वह खिलाड़ी है वैभव सूर्यवंशी।महज 15 साल की उम्र में टीम इंडिया में जगह बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी को बीसीसीआई ने भी भारतीय पुरुष टीम के लिए चुना गया सबसे युवा खिलाड़ी बताया है।



आयरलैंड, इंग्लैंड दौरे और एशियाई खेल 2026 के लिए घोषित भारतीय टीम में शामिल किए गए वैभव के पास अब 26 जून को आयरलैंड के खिलाफ डेब्यू कर भारत के सबसे युवा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बनने का मौका है। अगर ऐसा होता है तो वह 15 साल 91 दिन की उम्र में सचिन तेंदुलकर का 37 साल पुराना रिकॉर्ड पीछे छोड़ देंगे। इतना ही नहीं, वह विश्व क्रिकेट के सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों की सूची में भी दूसरे स्थान पर पहुंच जाएंगे।

Vaibhav Sooryavanshi Set to Create History: World’s 2nd Youngest Cricketer to debut in international cricket
वैभव सूर्यवंशी - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

सचिन का रिकॉर्ड टूटने की कगार पर
सचिन तेंदुलकर का डेब्यू भारतीय क्रिकेट के सबसे ऐतिहासिक क्षणों में गिना जाता है। उस समय एक किशोर बल्लेबाज का पाकिस्तान जैसे मजबूत आक्रमण के खिलाफ खेलना किसी साहसिक कहानी से कम नहीं था। सचिन ने उस मौके को भुनाया और आगे चलकर 100 अंतरराष्ट्रीय शतकों का विश्व रिकॉर्ड बनाया।अब वैभव सूर्यवंशी के पास सचिन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने का मौका है। 15 साल 91 दिन की उम्र में डेब्यू करने पर वह सचिन से एक साल से भी अधिक कम उम्र में भारतीय टीम के लिए मैदान पर उतरेंगे। यह उपलब्धि अपने आप में भारतीय क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक होगी।

Trending Videos
Vaibhav Sooryavanshi Set to Create History: World’s 2nd Youngest Cricketer to debut in international cricket
विराट-वैभव - फोटो : ANI

आईपीएल 2026 ने दिया नया सुपरस्टार
वैभव सूर्यवंशी का नाम पिछले कुछ महीनों में भारतीय क्रिकेट का सबसे बड़ा आकर्षण बनकर उभरा है। आईपीएल 2026 में उन्होंने जो प्रदर्शन किया, उसने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया। 776 रन, 237.30 का स्ट्राइक रेट, 72 छक्के और पावरप्ले में 521 रन। ये आंकड़े किसी अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी के नहीं, बल्कि एक 15 वर्षीय बल्लेबाज के हैं। उन्होंने टूर्नामेंट के दौरान सबसे तेज 1000 आईपीएल रन पूरे करने वाले भारतीय बल्लेबाज का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। उनकी बल्लेबाजी में निडरता, आत्मविश्वास और बड़े मंच पर प्रदर्शन करने की क्षमता साफ दिखाई दी। यही वजह है कि चयनकर्ताओं ने उन्हें सीधे राष्ट्रीय टीम तक पहुंचने का मौका दिया।

टीम इंडिया में मिला बड़ा इनाम
आईपीएल में शानदार प्रदर्शन का इनाम वैभव सूर्यवंशी को राष्ट्रीय टीम में चयन के रूप में मिला है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने हाल ही में आयरलैंड और इंग्लैंड के टी20 दौरे के साथ-साथ एशियाई खेल 2026 के लिए भारतीय टीम की घोषणा की, जिसमें 15 वर्षीय वैभव को पहली बार जगह दी गई। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम में चयन के साथ ही वैभव के सामने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखने का सुनहरा अवसर है। यदि उन्हें 26 जून को आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है, तो वह सिर्फ भारत के सबसे युवा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर ही नहीं बनेंगे, बल्कि विश्व क्रिकेट के सबसे कम उम्र के पुरुष अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की सूची में भी दूसरे स्थान पर पहुंच जाएंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन
Vaibhav Sooryavanshi Set to Create History: World’s 2nd Youngest Cricketer to debut in international cricket
वैभव सूर्यवंशी - फोटो : BCCI

दुनिया के सबसे कम उम्र के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों की सूची
अगर वैभव 26 जून को डेब्यू करते हैं, तो वह विश्व क्रिकेट के सबसे कम उम्र के पुरुष अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों (आईसीसी के पूर्व सदस्य देशों में से) की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच जाएंगे। महिला क्रिकेट में यह रिकॉर्ड इससे भी कम उम्र में बना था। पाकिस्तान की सैयदा सज्जिदा शाह ने वर्ष 2000 में महज 12 साल और 171 दिन की उम्र में अपना पहला वनडे मैच खेला था। इसके साथ ही वह पुरुष और महिला दोनों वर्गों को मिलाकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी बन गईं।



हसन रजा का रिकॉर्ड और उससे जुड़े सवाल

विश्व क्रिकेट में सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के हसन रजा के नाम दर्ज है। आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार उन्होंने 1996 में 14 साल 227 दिन की उम्र में टेस्ट क्रिकेट खेला था। हालांकि वर्षों से उनकी वास्तविक उम्र को लेकर सवाल उठते रहे हैं। पाकिस्तान क्रिकेट में उम्र संबंधी विवाद कोई नई बात नहीं रहे हैं और हसन रजा का नाम भी कई बार इस बहस का हिस्सा बना। यही कारण है कि उनके रिकॉर्ड को लेकर क्रिकेट जगत में समय-समय पर चर्चा होती रही है।

इतना ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की वर्तमान न्यूनतम आयु नीति के अनुसार खिलाड़ियों की सुरक्षा और मानसिक-शारीरिक विकास को ध्यान में रखते हुए 15 वर्ष से कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने को हतोत्साहित किया जाता है। मौजूदा नियमों के तहत हसन रजा जैसी स्थिति दोबारा देखने को मिलना बेहद मुश्किल है।
विज्ञापन
Vaibhav Sooryavanshi Set to Create History: World’s 2nd Youngest Cricketer to debut in international cricket
हसन रजा और साजिदा शाह - फोटो : Twitter

लंबा करियर नहीं बना पाए हसन रजा
कम उम्र में डेब्यू करने के बावजूद हसन रजा का अंतरराष्ट्रीय करियर उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। शुरुआती चर्चा और सुर्खियों के बावजूद वह पाकिस्तान क्रिकेट में स्थायी जगह नहीं बना सके। इसके विपरीत, इतिहास गवाह है कि सचिन तेंदुलकर और मुश्ताक मोहम्मद जैसे खिलाड़ियों ने कम उम्र में डेब्यू करने के बाद लंबे समय तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट पर राज किया। यही वजह है कि सिर्फ कम उम्र में डेब्यू करना सफलता की गारंटी नहीं माना जाता।

क्यों अलग हैं वैभव सूर्यवंशी?
वैभव सूर्यवंशी की कहानी सिर्फ उम्र तक सीमित नहीं है। उनके पास पहले से आईपीएल जैसे बड़े मंच पर सफलता का अनुभव है। उन्होंने दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों के खिलाफ रन बनाए हैं और दबाव में मैच जिताने की क्षमता भी दिखाई है। सबसे बड़ी बात यह है कि वह ऐसे दौर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में प्रवेश कर रहे हैं, जहां खिलाड़ियों के लिए बेहतर कोचिंग, खेल विज्ञान, मानसिक समर्थन और पेशेवर संरचना उपलब्ध है। ऐसे में उनके पास अपने करियर को लंबी और सफल दिशा देने का बेहतर अवसर है।

अगली फोटो गैलरी देखें
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed