न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
Published by: MANISH sachan
Updated Fri, 28 Dec 2018 01:42 PM IST
गणतंत्र दिवस समारोह में इस बार उत्तरप्रदेश के अलावा 14 राज्यों की सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी। सीएम योगी की पहल पर होने वाले भव्य आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने 14 राज्यों को गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने के लिए आमंत्रण भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।
परेड में बिहार का झिंझिया लोकनृत्य, मध्य प्रदेश का बधाई नृत्य, हरियाणा का घूमर व बम लहरी लोकनृत्य, राजस्थान का चरी व घूमर नृत्य, उत्तरांचल का घसियारी थड्या चौफुला, मेघालय का शाद मत्ती नृत्य, अरुणाचल प्रदेश का बार्डो छाम व महाराष्ट्र लावनी नृत्य संग यूपी के चरकुला व मयूर नृत्य के लोक कलाकारों की आकर्षक प्रस्तुति देखने को मिलेगी।
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि गणतंत्र दिवस परेड को आकर्षक व भव्य बनाया जाएगा। इसके तहत मार्च पास्ट से पहले परेड में सैन्य साजो समान युक्त 14 वाहन भी शामिल किए जाएंगे। मार्च पास्ट परेड में 2/11 गोरखा रायफल्स, एएमसी सेंटर एंड डोगरा रेजीमेंटल सेंटर, 8 कुमायूं, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, सशस्त्र सीमा बल यूपी पुलिस पीएसी पुरुष महिला बटालियन संग होमगार्ड एनसीसी व एनएसएस कार्यकर्ताओं की टुकड़ियां बैंड धुन पर कदम ताल करते दिखेगी।
परेड में शामिल होने वाली स्कूल, कॉलेज व सरकारी विभागों की झांकियों की थीम के चयन को भी कमेटी गठित कर दी गई है, जो 10 जनवरी तक परेड में शामिल झांकियों की थीम चयन के साथ ड्रिल व सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने वाली टीमों की चयन प्रक्रिया को पूरा करेगी।
तिरंगी पट्टियों के साथ रहेगी बिजली की सजावट
जिलाधिकारी ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य तरह से मनाए जाने के लिए राजधानी के सभी प्रमुख चौराहा संग सरकारी व गैर सरकारी भवन 25 व 26 जनवरी को लाल, हरे व सफेद रंग की बल्बों की रोशनी से जगमग रखने के लिए समय रहते तैयारी पूरी करने को कहा गया है।
परेड रूट से जुड़े सभी भवनों को तिरंगी पट्टियों के साथ बिजली की सजावट रहेगी। इसके अलावा परेड में शामिल अन्य प्रदेशों की प्रस्तुति के चलते मार्च पास्ट परेड की समयावधि को आधा घंटा बढ़ाए जाने की अनुमति भी राज्यपाल को पत्र भेजकर ली जाएगी ताकि परेड में शामिल सभी दलों व झांकियों में शामिल कलाकार 30 से 120 सेकंड तक अपनी प्रस्तुति दे सके।