बहादुरपुर। नगर थाना क्षेत्र के परसादपुर गांव में रास्ते के विवाद को लेकर रविवार को दो पक्षों के बीच जमकर लाठियां चलीं। इस घटना में चार लोग घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना रविवार के सुबह नौ बजे की है। बताया जाता है कि रास्ते के विवाद को लेकर परसादपुर गांव के माजिद अली और शहजाद अली के बीच कुछ कहासुनी हुई। जो बाद में मारपीट में तब्दील हो गई। दोनों पक्षों के लोग लाठियां लेकर एक-दूसरे से भिड़ गए। घटना में माजिद अली (60) के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। माजिद अली समेत चार अन्य को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। माजिद की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना में एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई है। घटना स्थल पर पहुंचे एसओ चंद्रशेखर सिंह ने घायलों को जिला अस्पताल भेजवाने की व्यवस्था की। इस मामले में पुलिस ने मारपीट के आरोपी मुहम्मद उमर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चार अन्य की तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।