ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क तीन स्थित शारदा यूनिवर्सिटी में शुक्रवार को छात्रों का जोश उस समय चरम पर पहुंच गया जब आने वाली फिल्म ‘रांझणा’ की स्टारकास्ट बॉलीवुड अभिनेत्री सोनम कपूर और टॉलीवुड के धनुष पहुंचे। पिछले साल यू-ट्यूब पर कोलावेरी डी गाने से प्रसिद्धि बटोरने वाले धनुष ने छात्रों की मांग पर यह गाना भी सुनाया।
आगामी 21 जून को रिलीज होने वाली रांझणा फिल्म के निर्देशक अनंत राय के साथ धनुष और सोनम यूनिवर्सिटी पहुंचीं। यूनिवर्सिटी के मैनेजमेंट ऑडीटोरियम में सबसे पहले फिल्म का ट्रेलर दिखाकर उनका स्वागत किया गया। इसके बाद वे छात्रों से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने फिल्म की म्यूजिक सीडी और गिफ्ट भी बांटें। शारदा यूनिवर्सिटी के चांसलर पीके गुप्ता ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि छात्रों का विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों से मिलना उनके व्यक्तित्व विकास के लिए महत्वपूर्ण है।