सीतापुर। क्रिसमस पर्व की तैयारियां तेज हो गईं हैं। पर्व को लेकर बाजार भी पूरी तरह से सजकर तैयार हैं। प्रभु यीशु के जन्म पर मनाए जाने वाले इस पर्व को लेकर ईसाई परिवार के लोगों में जबरदस्त उत्साह है। बाजार में सेंटा क्लाज वाले तरह-तरह के खिलौनों के साथ ही उनकी पारंपरिक ड्रेस और कैप के अलावा क्रिसमस ट्री, घंटी और झालरें बिक रही हैं। गिरजाघरों में भी झांकियां सजने लगीं हैं।
सेंटा क्लाज की अलग-अलग िडजाइन की आकर्षक ड्रेस लोगों को बरबस ही अपनी ओर खींच रहीं हैं। शहर के म्यूनिसिपल मार्केट में विभिन्न दुकानों पर सेंटा क्लाज की ड्रेस, क्रिसमस ट्री, घंटी और स्टार मिल रहा है। व्यवसायी प्रभाकर का कहना है कि बीते साल के मुकाबले इनकी कीमतों में इस साल बढ़ोतरी हुई है, लेकिन इसके बावजूद लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई है। बाजार में सेंटा क्लाज की ड्रेस 400 रुपये से लेकर 700 रुपये तक में उपलब्ध है। बड़े साइज की ड्रेस 700 रुपये में, मीडियम साइज की ड्रेस 500 रुपये में और छोटे साइज की ड्रेस 400 रुपये में है। बाजार में इस बार चाइनीज सेंटा क्लाज की भी बहुत डिमांड है। बैट्री या सेल से चलने वाला सेंटाक्लाज खिलौना 400से 600 रुपये, घूमने वाला सेंटाक्लाज 350से 500 रुपये और प्लास्टिक का छोटा सेंटाक्लाज खिलौना 25 से 35 रुपये में उपलब्ध है। सजावटी सामान में क्रिसमस ट्री 200 रुपये से लेकर 400 रुपये तक में बिक रहे हैं। झांकी में सजाने वाली घंटी 25 रुपये से लेकर 250 रुपये में है। इसके अलावा रंगीन झालर 25 रुपये से लेकर 180 रुपये तक तथा स्टार पांच रुपये से लेकर पचास रुपये तक में बिक रहे हैं। इन सबके साथ ही शहर के गिरिजाघरों और मिशनरी स्कूलों में क्रिसमस को लेकर आकर्षक और मनमोहक झांकियां सजाईं जा रहीं हैं। गिरजाघरों और क्रिसमस ट्री को बिजली की रंग-बिरंगी झालरों से सजा कर एक नया लुक दिया जा रहा है।