मंडी। सराज क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय हाई स्कूल भाटकीधार में छात्र से मारपीट के आरोप में पुलिस ने मुख्याध्यापक पर मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ित छात्र के पिता मंगलू राम ने जिला पुलिस अधीक्षक को अर्जी देकर न्याय की गुहार लगाई थी। इसके बारे में प्रतिनिधिमंडल ने जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर को शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
पीड़ित छात्र के पिता मंगलू राम के अनुसार भाटकीधार हाई स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ने वाला उनका बेटा घन्नू राम 23 नवंबर को पाठशाला गया था। प्रार्थना के बाद घन्नू को उसके अध्यापकों ने परिसर की सफाई करने को कहा। घन्नू परिसर में पड़े एक बडे़ पत्थर को नहीं उठा सका। इस पर पाठशाला के मुख्याध्यापक ने घन्नू से मारपीट की। घन्नू पाठशाला में ही अचेत होकर गिर गया। इसी बीच एक दुकानदार ने घन्नू की मदद की और इसे उपचार के लिए ले नजदीकी पैरा मेडिकल के पास ले जाया गया। इसके बाद घन्नू को पीएचसी थुनाग ले जाया गया, लेकिन चिकित्सक न होने के कारण उसे मंडी के क्षेत्रीय अस्पताल को रेफर कर दिया गया। घन्नू का उपचार मंडी अस्पताल में अभी भी जारी है।
जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर ने मामला दर्ज होने की पुष्टि की है। प्रकरण में भादंस की धारा 342, 323, 352 और जुविनाइल एक्ट की धारा 23 के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।